देश के जाने-माने वयोवृद्ध गांधीवादी विचारक एसएन सुब्बाराव का निधन


जयपुर। देश के जाने-माने वयोवृद्ध गांधीवादी विचारक एसएन सुब्बाराव का निधन हो गया। उन्होंने बुधवार को प्रात: करीब सात बजे अंतिम सांस ली। वे 93 वर्ष के थे। सुुब्बाराव पिछले कुछ दिनों से सवाईमानसिंह अस्पताल में भर्ती थे। कल रात उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को और चार दिन पूर्व भी सीएम सुब्बाराव से मिलने ही अस्पताल गए थे। श्रमदान के लिए मशहूर इस गांधीवादी नेता का राजस्थान से खासा लगाव था। सुब्बाराव गहलोत के कहने पर ही उपचार के लिए राजस्थान आ गए थे। तभी से वे यहीं रह रहे थे। युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत माने जाने वाले इस गांधीवादी विचारक मूलत: कर्नाटक के रहने वाले थे।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सुब्बाराव के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वयोवृद्ध गांधीवादी, भाईजी डॉ एसएन सुब्बाराव जी के निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से बेहद आघात पहुंचा है। 70 वर्षों से अधिक समय से देश के युवाओं से जुड़कर, लगातार अपने शिविरों के माध्यम से उन्हें प्रेरणा देने वाले देश की पूंजी गांधीवादी विचारक और प्रेरक का देहांत एक अपूरणीय क्षति है। भाईजी ने जीवनपर्यन्त युवाओं को जागरूक करने की मुहिम चलाई, विदेशों में भी वहां पर नई पीढ़ी को देश के बारे में बताया, यहां के संस्कार, संस्कृति, अनेकता में एकता का सन्देश उन तक पहुंचाने का कार्य किया। उनके शिविरों में आकर मुझे बेहद सुकून महसूस होता रहा। उनके प्रेरणागीत और विचार प्रेरणादायी सन्देश देते रहेंगे। हम सौभाग्यशाली हैं कि राजस्थान में उनका सानिध्य हमको मिलता रहा। ईश्वर से प्रार्थना है उनके सहयोगियों एवं फॉलोवर्स को इस बेहद कठिन समय में सम्बल प्रदान करें एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।