धौलपुर. एक ओर जहां दिल्ली में किसानों का डेरा है, लगातार किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं. वहीं दूसरी ओर राजस्थान से करीब 10, 000 बेरोजगार युवा भी दिल्ली कूच करने की तैयारी में है. हालांकि तारीख की घोषणा भी नहीं की गई है. लेकिन कूच को लेकर पूरे राजस्थान में बेरोजगारों ने एकजुटता दिखाई है और लगातार बेरोजगारों और युवाओं से डोर टू डोर संपर्क कर उन्हें इस आंदोलन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. पाली, जालौर, बाड़मेर, जोधपुर, अजमेर के युवाओं से संवाद के बाद धौलपुर के युवाओं से संवाद और आंदोलन पर चर्चा हो चुकी है. करीब दस हज़ार बेरोजगारों के साथ दिल्ली बॉर्डर पर डेरा डालने का दावा किया जा रहा है. सबसे पहले शाजापुर बॉर्डर पर डेरा डाला जाएगा. प्रतिदिन 10 किलोमीटर दिल्ली की तरफ कूच करेंगे.
धौलपुर जिले में युवा बेरोजगारों के साथ संवाद के दौरान राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने दी चेतावनी यदि राज्य सरकार ने जनवरी महीने में बेरोजगारों की मांगों को पूरा नहीं किया तो फरवरी में 10 हजार बेरोजगारो की संख्या में दिल्ली कूच करेंगे.
2013 से लंबित एएनएम जीएनएम नर्सिंग भर्ती, 2013 पंचायत राज एलडीसी भर्ती, 2013 विद्यालय सहायक भर्ती 2013, आयुर्वेद नर्सिंग भर्ती 2013 सहित तमाम लंबित भर्तियों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग के साथ अन्य मांगे भी होंगी.

ऊर्जा विभाग में 9000 पदों पर टेक्निकल हेल्पर एवं अन्य भर्तियों की विज्ञप्ति जारी करने, कंप्यूटर शिक्षक भर्ती, नई स्कूल व्याख्याता भर्ती, रीट शिक्षक भर्ती कृषि पर्यवेक्षक, RAS भर्ती 2020, ग्राम सेवक, PTI भर्ती, पशुधन सहायक भर्ती सहित अन्य विभागों में रिक्त पदों पर नई भर्तियां निकालने और फर्जी डिग्रियों की एसओजी से जांच कराने की मांग की जाएगी. बेरोजगारी भत्ता देने, राजस्थान की भर्तियों में बाहरी राज्यों का कोटा समाप्त करवाने की मांग को लेकर और UPSC की परीक्षा प्रणाली मजबूत करवाने की मांग, एसआई भर्ती 2016 के 227 पद जोड़ने की मांग एवं स्कूल व्याख्याता भर्ती 2018 में 14% ईडब्ल्यूएस एमबीसी के अतिरिक्त पद सृजित करने एवं बेरोजगार आयोग बनाने की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है.
अधीनस्थ कर्मचारी आयोग के चेयरमैन बीएल जाटावत को बर्खास्त करने की मांग भी है. राजस्थान पुलिस 2918, सूचना आयोग 2013, जूनियर अकाउंटेंट 2013, रीट शिक्षक भर्ती 2017 संस्कृत विभाग, रीट शिक्षक भर्ती 2016 सामान्य शिक्षा विभाग की वेटिंग जारी करने की भी मांग की है. प्रदेश में बीएड डिग्री धारियों की बड़ी संख्या देखते हुए रीट शिक्षक भर्ती 2021 लेवल 2 मे पद बढ़ाने की मांग की जा रही है.
राजस्थान पुलिस भर्ती परीक्षा की तर्ज पर रीट शिक्षक भर्ती सहित अन्य भर्तियों के परीक्षार्थियों को भी फिंगरप्रिंट के बाद ही परीक्षा सेंट्रो में प्रवेश दिया जाए. यह भी प्रमुख मांग है.
राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने युवा साथियों से कहा कि आपकी मांगों के लिए वह आर-पार की लड़ाई सरकार से लड़ेंगे, जहां बेरोजगारों का पसीना बहेगा, वहां उपेन यादव का खून बहेगा और बेरोजगारों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे.