दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में हमलावरों ने गैंगस्टर को मारा, गैंगवार और मुठभेड़ में 4 की मौत


नई दिल्ली। रोहिणी कोर्ट में एक गैंगस्टर की पेशी के दौरान गैंगवॉर हुआ है, जिसमे मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर जितेंद्र उर्फ गोगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. जितेंद्र पर हमला करने वाले दो हमलावर भी मौके पर ढेर कर दिए गए. गोगी, 2 शूटर सहित चार लोगों की मौत हो गई.

रोहिणी कोर्ट में हुए इस गैंगवार के बाद कोर्ट परिसर में अफरातफरी और दहशत का माहौल फेल गया. बताया जा रहा है कि रोहिणी कोर्ट में जीतेंद्र गोगी की पेशी थी. लेकिन पेशी से पहले ही कोर्ट में मौजूद 2 शूटर ने उसके ऊपर फायरिंग कर दी। गोगी की मौके पर ही मौत हो गई है.

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में शूटर पर फायरिंग की और उनकी भी मृत्यु हो गई है. हालांकि फायरिंग बहुत ज्यादा हुई है और ऐसी आशंका है कि मौतों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है.

यह घटना रोहिणी कोर्ट के कोर्ट नम्बर 207 के अंदर हुई. कोर्ट में 35-40 राउंड फायरिंग हुई. एक महिला वकील के पैर में भी गोली लगी है. जज के सामने ही हमलावर ने गोली चलाई.

 

बता दें कि टिल्लू ताजपुरी और जितेंद्र गोगी दोनों ही दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रद्धानंद कॉलेज के स्टूडेंट थे. कॉलेज के समय से ही दोनों के बीच दुश्मनी थी. बाद में यह इतनी बढ़ गई कि पिछले 3-4 वर्षों में 20 से ज्यादा गैंगवार हुई, जिसमें कई लोगों की जान चली गई. दिल्ली के बुराड़ी इलाके में भी इन दोनों गैंग के बीच फायरिंग हुई थी, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई थी. अब रोहिणी कोर्ट में हुई यह गैंगवार इसी पुरानी दुश्मनी का नतीजा है.