जयपुर. कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच प्रदेश में कल शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा. सीएम अशोक गहलोत द्वारा बुलाई आपातकालीन हाइलेवल मीटिंग में बड़ा फैसला हुआ. ट्वीट पर जानकारी देते हुए सीएम गहलोत ने कहा- कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कल शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक प्रदेश में कर्फ्यू रहेगा, आप सभी से अपील है कि कर्फ्यू के दौरान सरकार का सहयोग करें और कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर का पालन करें.
17 अप्रैल को उपचुनाव वाले तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान एवं उससे जुड़ी सम्पूर्ण प्रक्रिया कर्फ्यू से छूट में शामिल रहेंगी.
CM ने कहा कि कर्फ्यू के दौरान पहले से चल रहे नाइट कर्फ्यू में छूट की श्रेणी वाली सेवाओं में फल-सब्जी, दूध, एलपीजी और बैंकिग सेवाओं को भी शामिल किया गया है। पहले प्रदेश के 17 जिलों में कोरोना के अधिक मामले सामने आ रहे थे लेकिन पिछले कुछ दिनों में सभी जिलों में संक्रमण तेजी से फैला है। अब प्रदेश में कोरोना के 6,658 नए मामले और 33 मौते हुईं हैं। इसलिए आज वीकेंड कर्फ्यू का सख्त फैसला लिया गया है। अगर समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति दूसरे प्रदेशों जैसी विकट स्थिति बन सकती है। आमजन से अपील है कि पूर्व की तरह एकजुटता दिखाएं और एक-दूसरे का सहयोग करें। राजस्थान सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।