करौली। हिंदू संगठनों की ओर से करौली शहर में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन बाइक रैली निकाली गई, लेकिन इस रैली पर कथित तौर पर हुए पथराव के बाद मामला भड़क गया।
राजस्थान के करौली में शनिवार को दो समुदायों के बीच हिंसा भड़क गई। शहर के हटवाड़ा बाजार में हुई इस घटना में एक दर्जन लोग घायल हो गए और आधा दर्जन दुकानों में आगजनी भी की गई। इसके बाद क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गई। हिंसा भड़कने के बाद पूरा शहर बंद हो गया है, और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस-प्रशासन मौके पर मौजूद है। करौली में शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए अतिरिक्त जाब्ता मौजूद है और लगातार नजर रख रहा है ।
राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री और पूर्वी राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले मंत्री रमेश मीणा ने इस पूरे घटनाक्रम पर लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और भाईचारे के साथ रहने की अपील की है।
उधर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की राज्य सरकार को दो टूक कहा- वातावरण दूषित करने वाले तत्वों को उनका धर्म देखे बिना तुरंत गिरफ्तार करें।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने करौली में हिंदू संगठनों पर पथराव की घटना को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है. शेखावत ने कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण नीति हिंदुओं के हर्षोल्लास पर पथराव साबित हो रही है. शनिवार देर रात ट्वीट कर शेखावत ने पूछा कि हिंदू नव वर्ष पर रैली निकालना किसी के लिए अप्रिय कैसे हो सकता है?