रुड़की। क्रिकेटर ऋषभ पंत शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। उनकी मर्सिडीज अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिसके बाद उसमें आग लग गई और पलट गई। पंत जलती हुई कार की खिड़की तोड़कर खुद ही बाहर निकले। झपकी लगने से यह हादसा हुआ। उन्हें सिर, पीठ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। अभी उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है। उन्हें इलाज के लिए रुड़की से देहरादून ले जाया गया है। यहां के मैक्स हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें दिल्ली एयरलिफ्ट किया जाएगा।
माथे पर चोटें आईं, घुटने का लिगामेंट टूटा
बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने बताया कि पंत के माथे पर दो चोटें आईं हैं। घुटने का लिगामेंट टूटा है। दाहिनी कलाई और एड़ी में भी चोट पहुंची हैं। एमआरआई के बाद उनकी चोट की गंभीरता का पता चल सकेगा। हम लगातार मेडिकल टीम और उनकी फैमिली के संपर्क में हैं। इस मुश्किल समय में हम पंत को हरसंभव मेडिकल ट्रीटमेंट और मदद देंगे।
कैसे हुआ हादसा
हादसा सुबह 5:30 बजे रुड़की के नारसन बॉर्डर पर हम्मदपुर झाल के मोड़ पर हुआ। वह अपनी कार को खुद ही ड्राइव कर रहे थे। झपकी के बाद उनकी मर्सिडीज अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। यह जगह उनके घर से 10 किलोमीटर दूर है। उस वक्त कार की रफ्तार 150 किमी प्रति घंटा थी। कार 200 मीटर तक घिसटते चली गई। पंत सीट बेल्ट नहीं पहने थे। इसलिए वे सुरक्षित बाहर आ गए। अगर वे सीट बेल्ट पहने होते तो कार में आग लगने के बाद वह झुलस सकते थे।
मां को सरप्राइज देने जा रहे थे
पंत अकेले घर जा रहे थे। उनका घर रुड़की रेलवे स्टेशन के पास है। बताया जाता है कि वह अपनी मां को सरप्राइज देने के लिए जा रहे थे।
कुछ लोग मदद की बजाय रुपए उठाने और वीडियो बनाने में लग गए
ऐसा बताया जा रहा है कि ऋषभ की गाड़ी में करीब 3-4 लाख रुपए थे। घटना के बाद सारे रुपए सड़क पर बिखरे पड़े थे। वे वहां तड़पते रहे लेकिन इस दौरान कुछ लोग ऋषभ की मदद करने के बजाय नोट अपनी जेबों में भरने और वीडियो बनाने में मशगूल हो गए।