जयपुर। राजस्थान विधानसभा का सत्र शुक्रवार से फिर शुरू होगा। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीपी जोशी अनिश्चिकाल के लिए स्थगित की गई सदन की बैठक को फिर शुरू करने के लिए मान गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीपी जोशी ने स्वयं नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया को जानकारी दे अवगत करवाया। इस बारे में विधानसभा का अधिकृत बुलेटिन भी जारी होगा। कार्य सलाहकार समिति की बैठक में तय एजेंडे के अनुसार विधानसभा की कार्यवाही दो दिन चलने की संभावना है। आपको बता दे कि कल संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल से हुई तीखी नोकझोंक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की बैठक को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया था। विधानसभा की बैठक कल से फिर शुरू होने से अनुपूरक अनुदान की अतिरिक्त मांगों तथा अन्य बिलों के पास होने का रास्ता साफ हो गया है।