नई दिल्ली. एक ओर जहां कोरोना के खात्मे के लिए देश भर में आज से ड्राई रन शुरू हो गया है वहीं दूसरी ओर देश के स्वास्थ्य मंत्री ने एक बड़ा ऐलान किया. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि इस देश में वैक्सीनेशन के दौरान पहले फेज में कोरोना वैक्सीन फ्री में दी जाएगी. स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन (Dr. Harsh Vardhan) ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि देशभर में सभी भारतीय को कोरोना वैक्सीन (Corona Vaccine) फ्री में लगाई जाएगी.
हालांकि इस घोषणा के बाद जैसे ही यह खबर देश भर की मीडिया में छाई तो उन्होंने ट्वीटर के मार्फत यह भी कहा कि पहले फेज में 3 करोड लोगों को वैक्सीन फ्री में दी जाएगी. इनमें 1 करोड़ स्वास्थ्यकर्मी और दो करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर शामिल हैं. बाकी प्राथमिकता सूची में शामिल 27 करोड़ लोगों को जुलाई तक कैसे वैक्सीन दी जाएगी, इस बारे में फैसला लिया जा रहा है.

गौरतलब है कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कुल 116 जिलों में 259 जगहों पर COVID-19 वैक्सीन का ड्राई रन कर रहा है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने खुद दिल्ली के जीटीबी अस्पताल जाकर वैक्सीन के डाई रन का जायजा लिया.
इस बीच एक सवाल के जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने देशभर के लोगों को फ्री में कोरोना वैक्सीन दिए जाने की बात कही. लेकिन कुछ ही देर बाद अब ट्वीट कर सफाई दी है. स्वास्थ्य मंत्री ने अब सिर्फ देश के तीन करोड़ हेल्थ वर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स को फ्री वैक्सीन दिए जाने की बात कही है. डॉ हर्षवर्धन ने ट्वीट कर कहा, "फ्री वैक्सीन सिर्फ उन्हीं लोगों को दी जाएगी जो हेल्थ वर्कर और फ्रंटलाइन वर्कर हैं. ऐसे लोगों की संख्या करीब तीन करोड़. बाकी लोगों को वैक्सीन कैसे लगेगी इस पर जुलाई तक फैसला होगा." वैसे इससे पहले डॉ हर्षवर्धन से सवाल पूछा गया था कि कोरोना वैक्सीन जैसे ही दिल्ली में फ्री होगी, क्या वैसे ही सभी राज्यों में भी फ्री होगी? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था, 'कोरोना वैक्सीन दिल्ली में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में फ्री होगी.'