जयपुर। राजस्थान में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच में राजस्थान सरकार ने एक और बड़ी राहत आमजन को दी है। अब कोरोना RT-PCR टेस्ट के लिए ₹500 नहीं बल्कि ₹350 फीस देनी होगी। सरकार ने अब कोरोना टेस्ट की दर ₹350 निर्धारित कर दी है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर आदेश जारी किए गए। राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के शासन सचिव सिद्धार्थ महाजन ने यह आदेश जारी किया।

CM अशोक गहलोत ने कहा कि 'आज शाम निवास पर करीब साढ़े 3 घंटे कोरोना रिव्यू मीटिंग रखी, बहुत चिंताजनक स्थिति बनती जा रही है, देश और प्रदेश में जिस तरह से मरीजों और मृतकों की संख्या बढ़ती जा रही है। आज प्रदेश में 9046 कोविड केस आए हैं और 37 लोगों की मृत्यु हुई है। लेकिन पड़ोसी राज्यों दिल्ली, गुजरात, मध्यप्रदेश, यूपी, हरियाणा और पंजाब से राजस्थान काफ़ी बैटर स्थिति में है। परन्तु जिस प्रकार से संख्या बढ़ती जा रही है लगातार देश में भी और राजस्थान में भी उसे लेकर हम चिंतित हैं, हम चाहते हैं कि राजस्थान में इसको कैसे कंट्रोल करें। मरीज बढ़ते जाएंगे तो ये लड़ाई सिर्फ अस्पतालों में नहीं लड़ी जा सकती ये लड़ाई तो बाहर मैदानों में मतलब घरों में, सामाजिक समारोहों में, जहाँ भी हम हैं वहां लड़ी जाएगी, मास्क और कोविड प्रोटोकॉल को अडॉप्ट करके ही बचा जा सकता है। कल निवास पर 12 बजे मंत्रिपरिषद की बैठक रखी है उसमें कोविड को लेकर डिस्कस होगा उसके बाद कल शाम को 5:00 बजे वापस कोविड रिव्यू मीटिंग होगी, जिसे सभी के लिए ओपन रखेंगे।'