भारत में जनवरी में बढ़ सकते हैं कोविड के मामले, अगले 40 दिन महत्वपूर्ण


नई दिल्ली। भारत में कोविड के मामले जनवरी में तेजी से बढ़ सकते हैं। अगले 40 दिन महत्वपूर्ण हैं। महामारी के प्रसार की पिछली पद्धति का हवाला देते हुए यह आंकलन किया गया जा रहा है। पहले भी यह पाया गया था कि पूर्वी एशिया के कोविड की चपेट में आने के 30-35 दिन बाद भारत में महामारी की एक नयी लहर आई थी। यह एक प्रवृत्ति रही है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने कहा है कि संक्रमण की गंभीरता कम है, यदि कोविड की नयी लहर आती भी है तो इससे होने वाली मौतें और संक्रमितों के अस्पताल में भर्ती होने की दर बहुत कम रहेगी।

सूत्रों के अनुसार पिछले दो दिनों में भारत आए 6000 अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की कोविड जांच की गई, जिनमें 39 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सरकार ने शनिवार से प्रत्येक अंतरराष्ट्रीय उड़ान से आने वाले यात्रियों में से दो प्रतिशत की रैंडम कोविड जांच अनिवार्य कर दी है। अगले हफ्ते से चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, बैंकॉक और सिंगापुर से आने वाले यात्रियों के लिए एयर सुविधा फॉर्म भरना और 72 घंटे पहले की आरटीपीसीआर जांच अनिवार्य की जा सकती है। चीन और दक्षिण कोरिया सहित कुछ देशों में कोविड 19 के मामले तेजी से बढ़ने के बीच सरकार ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों से किसी भी अकस्मात स्थिति से निपटने के लिए तैयारी करने को कहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कोविड के मामलों में तेजी की स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बैठकें की हैं।