हरिद्वार के कुंभ क्षेत्र में कोरोना का बढ़ा कहर, कोरोना से निर्माणी अणि अखाड़ा के महामंडलेश्वर की मौत


उत्तराखंड। कोरोना अपना कहर अब हरिद्वार में भी दिखाने लगा है। हरिद्वार के कुंभ क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के लगातार नए मामले सामने आ रहे हैं। गुरुवार को पिछले 24 घंटों में 613 नए केस सामने आए। इससे पहले 13 अप्रैल को हरिद्वार में कोरोना के 594 नए मामले सामने आए तो 14 अप्रैल को 525 नए मामले आए थे। राज्य के कोरोना कंट्रोल रूम के मुताबिक 10 अप्रैल से 14 अप्रैल तक हरिद्वार में कोरोना के 2,167 नए मामले सामने आए हैं। उत्तराखंड में तेजी से बढ़ते मामलों ने प्रशासन की चिंता बढ़ दी है। महाकुंभ क्षेत्र में कई साधु संन्यासी कोरोना पॉजिटिव हैं। इन्हीं में से आज निर्माणी अणि अखाड़ा के महामंडलेश्वर की कोरोना से मौत हो गई. जैसे जैसे टेस्ट बढ़ रहे हैं, नए मामलों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। उत्तराखंड में कोरोना के मामलों में तेजी से वृद्धि जारी है। पिछले 24 घंटे में राज्य में 2,220 नए मामले सामने आए जबकि 9 मरीजों की मौत हो गई. राज्य में संक्रमण के कुल 1,16,244 केस सामने आ चुके हैं जिसमें 12,484 एक्टिव केस हैं. 9 मरीजों की मौत के साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 1,802 पहुंच गई है. माना जा रहा है कि कुंभ के आयोजन के बाद से नए केसों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। माना जा रहा है कि यह दौर कुछ दिनों तक चलने वाला है। इसके साथ ही प्रशासन की नींद भी उड़ गई है. उत्तराखंड का स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो चुका है।