राजस्थान के CM के बाद अब उनके निवास पर 27 लोग हुए कोरोना संक्रमित, गहलोत ने की यह अपील


जयपुर. राजस्थान में कोरोना संक्रमण खतरनाक रुप ले चुका है. मुख्यमंत्री आवास पर VVIP गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर समेत 27 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. इससे पहले तीन दिन पहले ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कोविड पॉजिटिव हुए थे. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है. बता दें कि मुख्यमंत्री आवास से 96 लोगों के सैंपल लिए गए थे. इनमें 27 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. एक साथ इतने लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर CM हाउस में हड़कंप मच गया. उधर CM अशोक गहलोत ने कहा कि देशभर में कोविड संक्रमण बहुत तेज गति से फैल रहा है। हम सभी लोगों को बार-बार आगाह कर रहे हैं कि घर से कम से कम और बहुत आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें, प्रदेश में भले ही लॉकडाउन नहीं है, लेकिन सभी स्व-अनुशासित होकर लॉकडाउन की तरह ही व्यवहार करें और पूरी सतर्कता बरतें। मास्क पहनने, हाथ धोने, सोशल डिस्टेंसिंग रखने और भीड़भाड़ में न जाने के प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से और गंभीरता से पालन करें एवं वैक्सीन की दोनों डोज अवश्य लगवा लें। मेडिकल फ्रेटर्निटी भी पॉजिटिव आ रही है, हजारों की संख्या में डॉक्टर्स के संक्रमित होने की ख़बरें आ रही हैं। स्थिति चिंतनीय है, हम सभी को मिलकर इस महामारी का मुकाबला करना है, जनता के सहयोग से ही हम इसमें कामयाब होंगे।