जिनेवा. दुनियाभर में फैले कोरोना महामारी के दौर में एक और चिंताजनक खबर सामने आई है, लेकिन इस खबर का मकसद आपको और हमें डराना नहीं है बल्कि अभी और सावधान करना है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कोरोना वायरस संकट को लेकर एक और बड़ी चेतावनी दी है.
टेड्रॉस ऐडहॉनम गीब्रियेसस जो कि डब्ल्यूएचओ के मुखिया हैं उन्होने सचेत करते हुए कहा है कि 'दुनिया अभी इस वायरस से उपजी महामारी कोविड-19 का और बुरा रूप देखने वाली है. सबसे बुरा अभी बाकी है. यहां तक की कोरोना वायरस से अब अफ्रीका महाद्वीप में हालात बेकाबू हो सकते हैं. संक्रमण और मौत के आंकड़े कई गुना बढ़ सकते हैं. बावजूद इसके यूरोप के कई देश और अमेरिका प्रतिबंधों में ढील की तैयारी कर रहे हैं.'
हालांकि यह नहीं बताया कि उन्हें ऐसा क्यों लगता है कि हालात आगे चल कर बद से बदतर होंगे.डब्ल्यूएचओ ने दुनिया से अपील की है कि अभी वे एहतियात बरतना जारी रखें. टेड्रोस ने कोरोना संक्रमण की तुलना 1918 की स्पैनिश फ्लू से की है. उनके मुताबिक 'यह बहुत खतरनाक स्थिति है और यह 1918 के स्पैनिश फ्लू की तरह फैल रहा है, जिसमें एक करोड़ के करीब लोगों की मौत हुई थी.'
जिनेवा में प्रेस से मुखातिब होते हुए टेड्रोस ने कहा कि 'अब हमारे पास प्रौद्योगिकी है, हम इस आपदा से बच सकते हैं. हम उस तरह का संकट पैदा होने से बच सकते हैं. इस आपदा को रोका जाए. यह ऐसा वायरस है जिसे अभी भी लोग समझ नहीं पा रहे हैं.'
डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने कहा कि WHO शुरुआत से ही कोरोना वायरस के खतरे को लेकर चिंतित है और लगातार चेतावनी देता आ रहा है. हम पहले दिन से चेतावनी दे रहे हैं कि यह ऐसा शैतान है जिससे हम सभी को मिलकर लड़ना है.'