यंग इंडिया का दफ्तर सीज होने पर बोली कांग्रेस, आतंकियों की तरह ट्रीट किया जा रहा है


नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मामले में यंग इंडिया का दफ्तर सील होने के बाद कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यालय के साथ-साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी के घरों को पुलिस ने घेर लिया है।
पीसी में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि देश की सबसे पुरानी कांग्रेस पार्टी के साथ आतंकी के तरह ट्रीट किया जा रहा है। केंद्र सरकार चाहती है कि महंगाई की बात ना हो। भय का माहौल बनाया जा रहा है।

प्रेस वार्ता में जयराम रमेश, अजय माकन और अभिषेक मनु सिंघवी ने जमकर केन्द्र सरकार पर निशाना साधा।

जयराम रमेश ने कहा कि दिल्ली पुलिस, अन्य सुरक्षा बल ने कांग्रेस हेडक्वार्टर, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के घर को घेर लिया है. अजय माकन बोले कि 5 अगस्त को कांग्रेस महंगाई के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाली थी. इसका ऐलान पिछले शनिवार को किया गया था. आज हमारे पास डीसीपी की तरफ से लेटर आया कि कांग्रेस कोई प्रदर्शन नहीं कर सकती. इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय और राहुल-सोनिया के घरों को पुलिस द्वारा घेर लिया गया.

ईडी की कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेता अजय माकन ने प्रेस कॉन्फ्रेस कर कहा कि यह विनाश काल है, विनाश काले विपरीत बुद्धि। बीजेपी हमें डराना चाहती है, लेकिन हम जनता के मुद्दों पर आवाज उठाते रहेंगे।

नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को दिल्ली की हेराल्ड बिल्डिंग में स्थित यंग इंडिया कंपनी का ऑफिस सील कर दिया है। मनी लॉन्ड्रिंग केस में जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई की। यंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का ऑफिस सील होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बयान आया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी 2-3 उद्योगपतियों के लिए काम करती है। उन्होंने छोटे, मध्यम व्यापारियों के लिए कुछ नहीं किया।

मंगलवार को ही ED की टीम ने सुबह से देर शाम तक नेशनल हेराल्ड के दिल्ली, मुंबई और कोलकाता समेत 16 ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई सोनिया और राहुल से पूछताछ के बाद की गई थी।

बता दें कि नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी से 3 दिन में 12 घंटे सवाल पूछे गए। 21 जुलाई को 3 घंटे, 26 जुलाई को 6 घंटे और 27 अगस्त को 3 घंटे ED ने पूछताछ की थी। इस दौरान उनसे 100 से ज्यादा सवाल किए गए। ईडी ने राहुल गांधी से भी जून में पांच दिनों में 50 घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की थी। और इसके बाद यह कार्रवाई की गई।