जालोर। कांग्रेस MLA पानाचंद मेघवाल ने अपनी विधायकी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा- दलित छात्र की मौत से बहुत दुखी हूं। बता दें जालोर के सायला थाना इलाके के सुराणा गांव में स्कूल टीचर की पिटाई से 9 साल के दलित छात्र की मौत हो गयी थी।
जिसके बाद मामले से आहत बारां जिले के अटरू से कांग्रेस विधायक पानाचंद मेघवाल ने विधायकी से इस्तीफा दिया है। विधायक ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपना इस्तीफा भेजा है।

उन्होंने कहा कि जब हम हमारे समाज के लोगों के अधिकारों की रक्षा करने और उन्हें न्याय दिलाने में सक्षम नहीं है तो हमें इस पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
गौरतलब है कि इससे पहले पानाचंद मेघवाल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को एक पत्र लिखकर पीड़ित परिवार को 50 लाख का मुआवजा देने की मांग की थी। विधायक ने कहा था कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है उसे आर्थिक सहायता के साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाए।