कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा का निधन


जयपुर। राजस्थान की सियासी गलियारों से एक दुखद खबर है। दिग्गज कांग्रेस नेता और विधायक भंवरलाल शर्मा का निधन हो गया है। जयपुर के SMS अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। लंबे समय तक मेदांता में भर्ती रहने के बाद उन्हें जयपुर लाया गया था, जहां सवाई मान सिंह अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके निधन पर सीएम अशोक गहलोत सहित कई दिग्गजों ने दुख जताया है।

17 अप्रैल 1945 को सरदाशहर के जैतसीसर गांव में पैदा हुए भंवरलाल शर्मा ने 60 के दशक में सरपंच बन अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। भंवरलाल शर्मा सरदारशहर से सात बार विधायक रहे। वे 8 वीं से लेकर 12 वीं विधानसभा तक सरदारशहर से पांच बार लगातार जीते। बीच में हार गए थे। वे कांग्रेस से पहले जनता पार्टी में रहे थे। अपने बयानों से कई बार शर्मा पार्टी के लिए मुसीबत भी बने, जिसके चलते उन्बें पार्टी से निलंबित भी किया गया।