नई दिल्ली। गुजरात में होने वाले विधानसभा के चुनावों में कांग्रेस मोरबी पुल हादसे को एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने जा रही है। बीती रात तो कांग्रेस ने पूरे गुजरात में सभी जिलों में मोमबत्तियां जलाकर मृतकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की और आगे की रणनीति का इशारा भी कर दिया है। गुजरात में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के माध्यम से मोरबी में हुए पुल हादसे पर सरकार की नीतियों और भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा अभियान शुरू किया जा रहा है।
कांग्रेस ने मोरबी घटनाक्रम पर राज्य सरकार को घेरने का पूरा खाका तैयार कर लिया है। मोरबी में हुई घटना के चलते 31 अक्टूबर से शुरू होने वाली कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को एक दिन टाल दिया गया था। गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कहते हैं कि वह परिवर्तन यात्रा के माध्यम से गुजरात की पूरी जनता को गुजरात सरकार और पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के माध्यम से होने वाली लूट और भ्रष्टाचार के बारे में जनता को बताएंगे। गुजरात कांग्रेस के कन्वीनर और प्रवक्ता मनीष दोशी कहते हैं कि यह घटना कोई दैवीय आपदा नहीं है बल्कि सरकार का ठेकेदारों के साथ खुला भ्रष्टाचार है। सरकार और भ्रष्टाचारियों के बीच हुए आपसी समझौते के चलते ही हमारे प्रदेश के इतने लोगों की जाने चली गई और ना जाने कितने घर बर्बाद हो गए। मनीष कहते हैं कि कांग्रेस के बड़े नेता लगातार घटनास्थल पर बने हुए हैं और हमारी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता मृतकों और घायलों से मिलकर उनके परिवार की पूरी मदद भी कर रहे हैं। वो कहते हैं कि सरकार अपने भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए सुरक्षाकर्मी और गेटकीपर जैसे सबसे निचले पायदान के कर्मचारियों खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रही है। मनीष कहते हैं कि यह कोई चुनावी स्टंट या चुनावी प्रचार जैसा मुद्दा नहीं है। बल्कि हकीकत है कि गुजरात सरकार किस तरीके से अपने ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए लोगों की जान की कीमत लगाती है। वह कहते हैं कि देवीय आपदाएं अलग होती है जबकि यह तो जानबूझकर लोगों को मौत के मुंह में ढकेलने जैसी घटना थी। यही वजह है कि हम पूरे प्रदेश के लोगों को सरकार के इस भ्रष्टाचार की कहानी अलग-अलग माध्यमों से जरूर बताएंगे। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने डोर टू डोर चल रही कैंपेनिंग में इस बात को पुरजोर तरीके से जनता के सामने रखने को कहा है।
इसके अलावा जो भी बड़ी चुनावी रैलियां होंगी या ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क करने के लिए जब कांग्रेस के नेता पहुंचेंगे तो सरकार की लापरवाही का कच्चा चिट्ठा खोला जाएगा। मोरबी में हुई इस घटना को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रणनीति बनानी शुरू की है। कांग्रेस के बड़े नेताओं प्रदेश कार्यकारिणी की नेताओं के बीच इस संबंध में बैठके भी हो चुकी हैं। गुजरात कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने बाकायदा भारतीय जनता पार्टी सरकार को घेरने के लिए ब्लॉक स्तर तक के नेताओं को निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत यह कहा गया है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता जहां-जहां जाए वहां गुजरात सरकार के भ्रष्टाचार की बात जरूर करें।