तिहाड़ जेल में सत्येंद्र जैन को 'मसाज' पर टकराव, भाजपा ने कहा- जेल को मसाज पार्लर में बदल दिया, आप ने कहा- बीमारी को मजाक बनाना घटियापन


नई दिल्ली। दिल्ली सरकार में मंत्री तथा आम आदमी पार्टी नेता सत्येंद्र जैन का तिहाड़ जेल में 'मसाज' कराने के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तिहाड़ जेल में बंद सत्येंद्र जैन की सेल के सीसीटीवी फुटेज में साफ़ देखा जा सकता है कि सत्येंद्र जैन बिस्तर पर लेटकर कुछ काग़ज़ देख रहे हैं और एक शख़्स उनके पैरों की मालिश कर रहा है। सत्येंद्र जैन के वीडियो सामने आने पर भाजपा ने आम आदमी पार्टी को घेरना शुरू कर दिया।

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आम आदमी पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लिया। गौरव भाटिया ने कहा कि ये वीडियो देखने के बाद कहा जा सकता है कि ये आम आदमी पार्टी नहीं है, ये बदनाम, दाम पार्टी है।

उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन आज जेल में हैं, जेल की कड़ी सुरक्षा को भेदकर, सारे नियम क़ानून को ताक पर रखकर एक भ्रष्ट मंत्री को जेल में सारी सुविधाएं दी जा रही हैं। जेल में एक कैदी को मसाज दिया जा रहा है। एक भ्रष्टाचारी और कट्टर बेईमान मंत्री जो जेल में है, उसे सारी सुख-सुविधाएं जेल में दी जा रही हैं। जबकि भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि केजरीवाल ने तिहाड़ जेल को मसाज पार्लर में बदल दिया है।

उधर, आम आदमी पार्टी ने कहा है कि सत्येंद्र जैन बीमार हैं और डॉक्टरों ने उन्हें फ़ीज़ियोथेरेपी की सलाह दी है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा ने बीते छह महीने से साजिश करके सत्येंद्र जैन को झूठे मुकदमे में फंसा रखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हो या जेल में बंद कोई इंसान, बीमार कोई भी हो सकता है। इलाज की ज़रूरत किसी को भी पड़ सकती है लेकिन किसी की बीमारी पर इस तरह की राजनीति करना भाजपा का बेहद घटिया काम है। सिसोदिया ने कहा कि जेल में रहने के दौरान सत्येंद्र जैन गिर गए थे जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है, उनको अस्पताल में एडमिट कराया गया था और उनकी दो सर्जरी की गई हैं। ऑपरेशन करके नर्व ब्लॉक डाला गया और डॉक्टरों ने रिपोर्ट में लिखकर दिया है कि उन्हें रेगुलर फ़ीजियोथेरेपी की जरूरत है।

भाजपा एमसीडी और गुजरात में चुनाव हार रही है इसलिए सत्येंद्र जैन की बीमारी का मज़ाक बनाकर चुनाव जीतना चाहती है, इससे घटिया कुछ नहीं हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि कोर्ट ने इस वीडियो के जारी करने पर ईडी को निर्देश दिया था कि वीडियो जारी नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन ईडी ने भाजपा की साजिश के तहत वीडियो लीक किया है। ये वीडियो गै़रक़ानूनी तरीके से लीक किया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछली सुनवाई में कोर्ट में ईडी की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसीटर जनरल एसवी राजू ने आरोप लगाया था कि सत्येंद्र जैन को जेल में विशेष सुविधाएं मिलती हैं।

उन्होंने कोर्ट से कहा कि अज्ञात लोग जैन के पैरों पर मालिश करते देखे गए हैं। ऐसे वक़्त पर देखे गए जब मिलने का निर्धारित समय भी नहीं था। उन्हें विशेष खाना भी उपलब्ध कराया गया। ईडी के वकील ने कोर्ट में सत्येंद्र जैन के कुछ वीडियो भी साझा किए थे। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि भाजपा ने ईडी से यही वीडियो लेकर लीक किए हैं।

गौरतलब है कि इस सप्ताह तिहाड़ जेल के सुप्रिटेंडेट को सत्येंद्र जैन को वीआईपी ट्रीटमेंट देने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया था।