जयपुर। उत्तर भारत से चली सर्द हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। गंगानगर, चूरू, बीकानेर, हनुमानगढ़ में बुधवार को सीजन का घना कोहरा देखने को मिला। ये कोहरा सुबह 11 बजे तक छाया रहा। यहां विजिबिलिटी भी बहुत कम रही। इससे हाईवे पर सुबह 10 बजे तक हेडलाइट ऑन करके गाड़ियां चलानी पड़ी। कोहरे और तेज ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव देखने को मिला। लोग सुबह देरी से अपने घरों से निकले तो वहीं जगह-जगह लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचने का जतन करते दिखे। सर्द हवाएं चलने से सीकर, चूरू, नागौर, अजमेर, जयपुर, अलवर समेत कई जगह ठिठुरन बढ़ गई। सबसे कम तापमान 5.2 चूरू में दर्ज हुआ। हालांकि कई शहरों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ा भी है। जयपुर में बुधवार सुबह से हल्की सर्द हवाएं चलने के साथ ही आसमान में हल्की धुंध भी रही। इससे सुबह सूरज की तपन भी कम रही। जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस जरूर बढ़ा हो, लेकिन सर्दी के तेवर में कोई कमी नहीं हुई।
माउंट आबू में पिछले कई दिनों से तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था, जो बुधवार को गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। माउंट आबू के अलावा जैसलमेर, गंगानगर, बाड़मेर और सिरोही जिले में भी पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है। जबकि सिरोही, अजमेर, जयपुर, बूंदी, टोंक और बारां में रात का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है, लेकिन यहां सर्द हवाओं के कारण तापमान बढ़ने के बाद भी सर्दी का असर कम नहीं हुआ। राज्य में इस सीजन सर्दी देरी से आई है। आधे दिसंबर तक सर्दी के तेवर नरम ही रहे, यही कारण रहा कि इस बार दिसंबर में किसी भी जगह पारा माइनस में नहीं गया।