मंत्री अशोक चांदना के ट्वीट पर बोले CM गहलोत- ट्वीट को ज्यादा गंभीरता से नहीं लेना चाहिए, हो सकता है चांदना काम के दबाव से टेंशन में हों


जयपुर। राजस्थान सरकार के खेल मंत्री अशोक चांदना के ट्वीट पर एक तरफ जहां बवाल मचा हुआ है वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि चांदना के ट्वीट को ज्यादा गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में गहलोत ने कहा कि मुझे लगता है कि अभी अशोक चांदना ने जो पिछली बार स्टेट लेवल का प्रोग्राम किया था वो बहुत बड़ा था। शानदार प्रोग्राम था वो स्टेट स्पोर्ट्स का। उसी प्रकार से अब एक और प्रोग्राम बहुत बड़ा होने जा रहा है ग्रामीण ओलंपिक। हिंदुस्तान में पहली बार राजस्थान में जो बजट घोषणाएं हैं, बजट घोषणा को करने का जो अभियान चल रहा है, वो इतिहास बनाएगा, करीब 30 लाख से ज्यादा लोग गांव-गांव में खेलेंगे, चाहे कबड्डी हो, वॉलीबॉल हो, खो-खो हो, तो इतना बड़ा भार उनके ऊपर आया हुआ है, हो सकता है कि वो टेंशन में आ गए हो, कोई कमेंट कर दिया हो, ज्यादा उसको गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। उनसे बातचीत करेंगे, अभी पता नहीं, अभी मेरी बातचीत भी उनसे नहीं हुई है, होगी तो देख लेंगे। वो दबाव में काम कर रहे दिखते है, इतनी बड़ी जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई है। जब बात होगी तो देख लेंगे।

 

बता दें कि राजस्थान के युवा एवं खेल मंत्री अशोक चंदना ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से उन्हें पद से मुक्त करने का अनुरोध किया था। चांदना ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए एक ट्वीट में लिखा था कि 'माननीय मुख्यमंत्री जी मेरा आपसे व्यक्तिगत अनुरोध है कि मुझे इस जलालत भरे मंत्री पद से मुक्त कर मेरे सभी विभागों का चार्ज श्री कुलदीप रांका जी को दे दिया जाए, क्योंकि वैसे भी वो ही सभी विभागों के मंत्री हैं। धन्यवाद' इस ट्वीट के बाद मानो अचानक कोई सियासी भूचाल आ गया हो और सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष के लोग भी उनके इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया देते नजर आए।