जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश को बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करने और लोगों को स्वास्थ्य बीमा सुविधा देने वाली चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना के तहत एक बार फिर लोगों से जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है। CM गहलोत ने कहा कि 'आप सबसे पुनः निवेदन है कि 30 अप्रैल तक चिरंजीवी योजना में रजिस्ट्रेशन करवा लें।
कोरोना संक्रमण को काबू करने के लिए लगाए जन अनुशासन पखवाड़े में रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए ई-मित्र केन्द्रों को खुला रखा गया है।' CM ने कहा कि 1 मई से यह योजना लागू हो जाएगी एवं 5 लाख तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध होगा। इसमें कोविड-19 का इलाज भी शामिल है। यदि 30 अप्रैल तक रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया एवं इसके बाद बीमार हुए तो इलाज का भारी-भरकम खर्च स्वयं ही वहन करना होगा क्योंकि इस योजना में ना आने के कारण बीमा कंपनी आपके इलाज का पेमेंट नहीं करेगी।