CM गहलोत को अस्पताल से मिली छुट्टी, चिकित्सकों ने आराम करने की दी सलाह


जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को तबीयत में सुधार होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. एसएमएस अस्पताल के मेडिकल बोर्ड द्वारा फाइनल चैकअप के बाद गहलोत को सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल से छुट्टी मिल गई. बता दें कि दो दिन पहले ही SMS अस्पताल के कार्डिक केयर यूनिट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की एंजियोप्लास्टी हुई थी. उनकी एक आर्टरी में 90 फीसदी तक ब्लॉकेज हुआ था. जिसके बाद आज उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया. हालांकि डॉक्टर्स ने उन्हें एंजियोप्लास्टी के बाद कुछ दिन और आराम करने की सलाह दी है.

इससे पहले आज सुबह SMS अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा, मुख्यमंत्री के पुत्र और आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत, SMS मेडिकल मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ सुधीर भंडारी, अस्पताल अधीक्षक डॉ राजेश शर्मा सहित मेडिकल मेडिकल बोर्ड के सदस्यों ने मुख्यमंत्री की जांच रिपोर्ट पर डिस्कशन किया था, जब सीएम की सेहत में सुधार नजर आया तो उन्हें डिस्चार्ज करने का निर्णय लिया गया.

गहलोत ने डिस्चार्ज होने से पहले अस्पताल में भर्ती मरीजों का भी हाल जाना.