जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री आवास पर केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं पेट्रो-केमिकल मंत्री मनसुख मंडाविया ने CM गहलोत से मुलाकात की।
इस दौरान CM गहलोत ने जोधपुर में मेडिकल डिवाइसेज पार्क (बोरानाड़ा), कोटा में फार्मा एवं बल्क ड्रग पार्क एवं बाड़मेर रिफाइनरी के पास प्रस्तावित पेट्रोलियम, केमिकल्स एंड पेट्रोकेमिकल्स इंवेस्टमेंट रीजन (पीसीपीआईआर) के नोटिफिकेशन को भी शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया। साथ ही लंबे समय से बंद पड़ी जयपुर स्थित राजस्थान ड्रग एण्ड फार्मास्यूटिकल लि.(आरडीपीएल) कंपनी जिसके रिवाइवल की योजना राज्य सरकार द्वारा केन्द्र सरकार को भेजी गई है उसे स्वीकृति देकर इस दवा कंपनी को फिर से शुरू करने का आग्रह किया।

राजस्थान के 30 जिलों में अब मेडिकल कॉलेज स्वीकृत होने के बाद सिर्फ तीन जिलों जालोर, प्रतापगढ़ एवं राजसमंद में सरकारी मेडिकल कॉलेज स्वीकृत नहीं है। इन जिलों में भी मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किये जायें। मंडाविया जी ने इन सभी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया एवं उचित समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा भी उपस्थित थे।