CM गहलोत ने राज्यसभा चुनावों में डाला वोट, कहा- तीनों सीट हम कम्फर्टेबली जीत रहे हैं, BJP को अपना घर संभालना चाहिए क्योंकि वहां भगदड़ मची है


जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यसभा चुनाव में अपना वोट डाल दिया है और तीनों ही सीटों पर अपने उम्मीदवारों की जीत पक्की बताई है। वोट डालने से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मीडिया से भी मुखातिब हुए और उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।

सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि "फिर कहूंगा तीनों सीट हम जीत रहे हैं कम्फर्टेबली और उनको अपना घर संभालना चाहिए क्योंकि भगदड़ मची हुई वहां पर है। इन्होंने जिस प्रकार से दूसरा उम्मीदवार खड़ा किया, उसको उनकी पार्टी के विधायकों ने ही लाइक नहीं किया। अनावश्यक हॉर्स ट्रेडिंग से दूसरा उम्मीदवार जीतने की क्या तुक थी? ये मतलब हालात पूरे प्रदेश में रिएक्शन है, अनावश्क चुनाव करवा दिए, वरना चारों सीटें, 3 हमारी, 1 बीजेपी की आराम से जीतती। ऐसे एक्ट को कोई लाइक नहीं करता, पहले भी इन्होंने ऐसे ही किया था पिछले चुनाव में, वहां भी मात खानी पड़ी इन लोगों को, अब फिर इस बार मात खाएंगे ये लोग।"

 

बता दें कि राजस्थान में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद तिवारी और बीजेपी समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी सुभाष चंद्रा के बीच कांटे की टक्कर है। कांग्रेस को तिवारी की तीसरी सीट जीतने के लिए 41 वोट चाहिए। ये वोट तभी मिल सकते हैं जब कांग्रेस के खुद के 108 और सहयोगी दलों को मिलाकर 123 वोट मिलें। वजह ये है कि कांग्रेस के तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। ये प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला, मुकल वासनिक और प्रमोद तिवारी हैं। सभी को 41-41 वोट चाहिए। ऐसे में चौथी सीट के लिए मुकाबला रोचक है।