पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर बोले CM अशोक गहलोत, कहा- पंजाब में पब्लिसिटी के लिए सुरक्षा से छेड़छाड़ एकदम गलत


जयपुर। प्रख्यात पंजाबी गायक और पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया है। और इस मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री और वहां के सरकार को आड़े हाथों लिया है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस पूरे घटनाक्रम पर दुख जताते हुए कहा कि सिर्फ पब्लिसिटी के लिए सुरक्षा से छेड़छाड़ एकदम गलत है। गहलोत ने कहा कि "प्रख्यात गायक एवं पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे श्री सिद्धू मूसेवाला की हत्या का समाचार दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिजनों को हिम्मत दे। संगीत के क्षेत्र में उनका योगदान याद रखा जाएगा।"

इसके बाद गहलोत ने लिखा कि "पंजाब सरकार पंजाब के सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। पब्लिसिटी के लिए सुरक्षा से छेड़छाड़ एकदम गलत है। पंजाब ने मुख्यमंत्री श्री बेअंत सिंह समेत हजारों लोगों को खोया है। पंजाब में शान्ति कायम रखने के लिए सरकार को सभी जरूरी कदम समय रहते उठाने चाहिए।"

बता दें कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। एक दिन पहले पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ली थी। मूसेवाला पर मानसा के जवाहरके गांव के पास फायरिंग हुई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बता दें कि एक दिन पहले पंजाब सरकार ने मूसेवाला समेत 424 VIP की सुरक्षा वापस ली थी, जिसके बाद यह हत्या की गई। उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ा था।