जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कोरोना की वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। जयपुर के एसएमएस अस्पताल स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ इंफेक्शन डिजीज सेंटर में गहलोत के साथ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा भी पहुंचे। वहां दोनों ने कोविशील्ड का टीका लगाया। वैक्सीन लगवाने के बाद दोनों करीब आधा घंटा ऑब्जर्वेशन में भी रहे।
वैक्सीन लगवाने के बाद गहलोत ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि देश में अभी कोरोना गया नहीं। मध्य प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र, पंजाब सहित अन्य राज्यों में कोरोना के केस जिस तरह से सामने आ रहे हैं उसे देखते हुए हमें इस बीमारी को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे वैक्सीन लगी हो या नहीं, लापरवाही बिल्कुल नहीं करें। गहलोत ने यह भी कहा कि पूरे देश में अब तक हुए वैक्सीनेशन का 25 प्रतिशत हिस्सा अकेले राजस्थान का है।
लोगों से अपील करते हुए बोले कि राजस्थान में हम काेरोना की जीती जंग हार न जाएं, इसलिए लापरवाही बिल्कुल भी नहीं बरतें। लक्षण दिखते ही तुरंत अस्पताल जाकर इलाज लें। अस्पतालों में कोरोना के मुफ्त इलाज की सुविधा है। उन्होंने कहा कि कोरोना से जो मौत हो रही हैं वे देरी से अस्पताल जाने और लापरवाही के कारण हो रही हैं। लक्षण दिखते ही अस्पताल चले जाएं, संकोच नहीं करें।