हिमाचल के धर्मशाला में बादल फटने से बड़ा नुकसान, माचिस की डिब्बियों की तरह पानी में बही कारें


शिमला (मानसी रावत). बादल फटने से हिमाचल के धर्मशाला में कोहराम मच गया. लोगों के सैंकड़ों वाहन इसकी चपेट में आ गए. बड़े स्तर पर स्थानीय लोगों को नुकसान हो गया. लोगों में इस तबाही से भारी दहशत देखने को मिली. सोमवार सुबह मानसून की भारी बारिश के बीच पर्यटन क्षेत्र भागसू में सुबह बादल फटने (Dharamshala Cloud Burst) से अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) आ गई. और कुछ ही पलों में एक छोटे से नाले ने विकराल नदी का रूप धारण कर लिया. इस बाढ़ से भागसू (Himachal Bhagsunath Falls) का नाला ओवरफ्लो हो गया, लोगों के घरों और दुकानों में पानी भर गया. नाले में उफान आने के कारण तेज बहाव में कई लग्जरी वाहन, कारें और दुपहिया वाहन भी बह गए. आसपास के होटलों को भी काफी नुकसान हुआ है.

इस पूरी घटना के बाद में हिमाचल प्रदेश का पूरा प्रशासन अलर्ट हो गया है. मौके पर व्यवस्थाओं को संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के साथ में एसडीआरएफ की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है.

इस पूरे घटनाक्रम में जान-माल का कितना नुकसान हुआ है इसका आकलन पूरी तरह से फ़िलहाल नहीं किया जा सका है. प्रशासन आकलन में जुटा है और सबसे बड़ी प्राथमिकता फिलहाल लोगों को राहत पहुंचाने की है.