मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का औपचारिक ऐलान


नई दिल्ली। आखिरकार राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने साफ कर दिया है कि वह अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। इस मामले में अब तक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से औपचारिक ऐलान का इंतजार किया जा रहा था, जिसके बाद कोच्चि में आखिरकार राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

कोच्चि में उन्होंने कहा कि जब सब कांग्रेस कमेटी ये प्रस्ताव पास कर रही हैं कि आपको (राहुल गांधी) अध्यक्ष बनना चाहिए तो फिर आप उसे स्वीकार कीजिए।

गहलोत बोले कि उन्होंने राहुल गांधी से काफी बात करने की कोशिश की लेकिन उनका कहना है कि हमने फैसला कर लिया कि इस बार कोई गांधी परिवार का व्यक्ति उम्मीदवार नहीं बनेगा।

गहलोत ने कहा कि तारीख तो मैं अभी जाकर पक्की करूंगा। पर ये तय है कि मैं चुनाव लड़ूंगा। और जो हालात देश के हैं उसके लिए प्रतिपक्ष का मज़बूत होना बहुत जरूरी है और उसके लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। 

बहरहाल अशोक गहलोत के इस औपचारिक ऐलान के बाद कांग्रेस को नॉन गांधी परिवार से एक राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नया चेहरा मिलने का रास्ता साफ हो गया है।