ऑपेरशन करने की एवज में 5 हजार की रिश्वत लेते मुख्य चिकित्सा अधिकारी इन्द्रराम रणवां को ACB ने गिरफ्तार किया


नागौर। एक गरीब मरीज का इलाज करने की एवज में ₹5000 की रिश्वत लेते हुए राजस्थान एसीबी ने राजकीय चिकित्सालय डीडवाना के मुख्य चिकित्सा अधिकारी इंद्रराम रणवां को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि ए.सी.बी. की नागौर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसके परिजन का एपेन्डिक्स का ऑपरेशन करने की एवज में इन्द्रराम रणवां मुख्य चिकित्सा अधिकारी, राजकीय बांगड़ चिकित्सालय, डीडवाना जिला नागौर द्वारा 5 हजार रुपये रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर एसीबी, अजमेर के उप महानिरीक्षक पुलिस समीर कुमार सिंह के सुपरवीजन में एसीबी नागौर इकाई के पुलिस निरीक्षक सुशीला विश्नोई के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज उनकी टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुये इन्द्रराम को परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस समीर कुमार सिंह के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।