चन्द्रयान-3 अगले साल जुलाई से सितम्बर के बीच किया जा सकता है लॉन्च


नई दिल्ली. केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान, अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिहं ने कहा कि 2022 की तीसरी तिमाही में चन्द्रयान 3 लॉन्च होने की संभावना है। लोकसभा में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 पर कार्य प्रगति पर है। चंद्रयान-3 के कार्य में आकृति को अंतिम रूप दिया जाना, उप-प्रणालियों का निर्माण, समेकन, अंतरिक्ष यान स्तरीय विस्तृत परीक्षण और पृथ्वी पर प्रणाली के निष्पादन के मूल्यांकन के लिए कई विशेष परीक्षण जैसी विभिन्न प्रक्रियाएं शामिल हैं। कार्य की प्रक्रिया कोविड-19 महामारी के कारण बाधित हो गई थी। बहरहाल, लॉकडाउन अवधि के दौरान भी वर्क फ्रॉम होम मोड में सभी कार्य किए गए। अनलॉक अवधि आरंभ होने के बाद चंद्रयान-3 पर कार्य फिर से आरंभ हो गया और अब यह कार्य संपन्न होने के अग्रिम चरण में है।