चंद्रयान-3 मिशन भारत की स्वदेशी क्षमताओं को दोहराएगा और वैश्विक स्तर पर देश की स्थिति को मजबूत करेगा


केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), अंतरिक्ष विभाग, परमाणु ऊर्जा विभाग, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज कहा कि कोविड वैक्सीन के बाद, चंद्रयान -3 भारत की क्वांटम क्षमता का सूत्रपात करेगा। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि चंद्रयान-3 वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी क्षमताओं का उपयोग करके कोविड वैक्सीन विकसित करने में सफल रहा भारत चंद्रयान-3 के साथ एक बार फिर अपनी क्षमताओं को साबित करेगा। हैदराबाद में आयोजित 11वें इंडिया अलायंस वार्षिक सम्मेलन 2023 में मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि कल 14 जुलाई 2023 को चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाला इंडो-यूके साइंस कॉन्क्लेव इस बात का प्रमाण है कि विकसित देश विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत के साथ काम करने के लिए आगे आ रहे हैं। इंडिया एलायंस भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग और यूके (ब्रिटेन) के वेलकम ट्रस्ट के बीच एक अनूठी साझेदारी है जिसका केंद्र भारत में ऐसे पैमाने पर मजबूत, विश्व स्तरीय, जैव चिकित्सकीय अनुसंधान हेतु मानव संसाधन विकसित करने पर है, जिससे देश वैश्विक स्तर पर प्रभाव डाल सके। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में इंडिया अलायंस की प्रभावशाली कार्य यात्रा ने भारत के अनुसंधान और वित्त पोषण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत किया है और देश में बायोमेडिकल और नैदानिक ​​​​अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र में प्रभावशाली बदलाव लाने के लिए सफल कार्यान्वयन और हस्तक्षेप को सक्षम बनाया है। उन्होंने बताया कि 2019 में 10 वर्ष पूरे होने पर, इंडिया एलायंस ने अंतःविषयी और सहयोगात्मक अनुसंधान की आवश्यकता वाले आधुनिक समाज की समस्याओं का समाधान खोजने के लिए टीम वैज्ञानिक अनुदान और नैदानिक/सार्वजनिक स्वास्थ्य अनुसंधान केंद्र शुरू किए हैं ।