खुशी से खिले कर्मचारियों के चेहरे, डीए 17 से बढाकर 28 फीसदी किया गया


नई दि​ल्ली. केन्द्रीय कर्मचारियों को केन्द्र सरकार ने डीए बढाकर तोहफा दिया है. करीब 1.2 करोड़ केंद्रीय कर्मचारियों, पेंशचनर्स को इसका सीधा फायदा मिलेगा. आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 17 से बढ़ाकर 28 फीसदी कर दिया. पेंशनर्स के लिए डियरनेस रिलीफ (DR) की बहाली करने का भी निर्णय लिया गया है. यह 1 जुलाई, 2021 से लागू होगा. 

बता दें कि केंद्रीय कर्मचा​रियों की डीए की तीन किस्तें मिलनी बाकी थीं. कोरोना महामारी के कारण सरकार ने डीए पर रोक लगा दी थी. इसी तरह पेंशनर्स के डीआर की किस्तों का भुगतान भी नहीं हुआ था. कर्मचारियों और पेंशनर्स का 1 जनवरी 2020, 1 जुलाई 2020 और 1 जनवरी 2021 का डीए और डीआर पेंडिंग है. लेकिन सरकार ने कहा है कि बढ़ी हुई दर जुलाई 2021 से लागू होगी और पिछले बकाया पर यह लागू नहीं होगा. यानी आज की डेट से आगे के लिए 28 फीसदी की दर से महंगाई भत्ता देय होगा.