जयपुर। देश की सियासत में चर्चा का विषय बनी इस वक्त की सबसे बड़ी खबर जोधपुर से आ रही है। जहां राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत के घर पर सीबीआई का छापा पड़ा है।
बता दें कि एक तरफ राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत लगातार केंद्र सरकार के खिलाफ मुखर होकर दिल्ली में बयान दे रहे हैं वहीं दूसरी तरफ CBI रेड को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। हालांकि अग्रसेन गहलोत से पहले ED भी पूछताछ कर चुकी है उन पर एक मामले में घोटाले का आरोप है।
अग्रसेन गहलोत और 14 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है और अग्रसेन के जोधपुर स्थित आवास समेत एवं तीन राज्यों में 16 अन्य परिसरों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने प्राथमिकी में गहलोत समेत 15 व्यक्तियों और कंपनियों को आरोपी बनाया है। उन्होंने कहा कि सीबीआई के 60 से अधिक अधिकारियों ने मामले में गुजरात, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में 17 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की।अग्रसेन के जोधपुर स्थित आवास पर यह छापेमारी चली। मंडोर में मौजूद उनके मकान में शुक्रवार सुबह से सीबीआई के अधिकारी जांच पड़ताल में जुटे।
गहलोत समर्थक सीबीआई की इस कार्रवाई को राहुल गांधी के लिए अशोक गहलोत द्वारा दिल्ली में किए जा रहे प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है।
अग्रसेन गहलोत पर आरोप है कि 2007 से 2009 के बीच फर्टिलाइजर बनाने के लिए जरूरी पोटाश किसानों में बांटने के नाम पर सरकार से सब्सिडी पर खरीदी गई। इस प्रोडक्ट को निजी कंपनियों को बेचकर मुनाफा कमाया गया। इस मामले की जांच ईडी में लंबित चल रही है। हालांकि CBI की तरफ से अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।