भारी पड़ा BJP नेता को भीड़ जुटाना, 111 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जाना पड़ सकता है जेल


कोटा। भाजपा नेता व कोटा नॉर्थ के पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल को एक प्रदर्शन के दौरान बड़ी भीड़ जुटाना भारी पड़ गया है। गुंजल सहित 111 लोगों के खिलाफ नयापुरा थाने में FIR दर्ज की गई है। यह मुकदमा महामारी एक्ट आईपीसी धारा 188, 269, 270 के तहत दर्ज हुआ है।

बता दें कि गुंजल ने गुरुवार को सरकार के खिलाफ जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में भीड़ जुटाकर प्रदर्शन किया था। सरकार व स्थानीय मंत्री पर जमकर आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस ने कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की है। गुंजल ने राज सरकार के पौने तीन साल के कार्यकाल व बढ़ते अपराधों के खिलाफ गुरुवार को प्रदर्शन किया था। जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी जुटे।

किशोर सागर तालाब की पाल से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली थी। करीब 500 मीटर लंबी रैली में सैकड़ों समर्थक शामिल हुए थे। बाद में कई नेताओं ने रैली को सम्बोधित किया। मीडिया से बातचीत में गुंजल ने कहा था कि सरकार ने रैली से एक दिन पहले ही सार्वजनिक आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिए। आज कोई रोकने की कोशिश करता तो हम जेल भर देते। कोरोना संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन महामारी कानून लागू किया गया है। लॉकडाउन में सरकार के निर्देशों का कोई भी व्यक्ति उल्लंघन करता है तो उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें कम से कम 1 से 6 माह की जेल, 200 से 1 हजार रुपए का जुर्माना या दोनों ही सजा का प्रावधान है। दोनों ही स्थिति में जमानत मिल सकती है।