जयपुर. महिला दिवस के मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक नायाब तोहफा दिया. 3 मार्च को धौलपुर में कुख्यात दस्यु धमेन्द्र उर्फ लुक्का को उसके हथियारबंद साथियों ने छुड़ाने का प्रयास किया था. तब उसी बस में सवार 25 वर्षीय युवती वसुंधरा चौहान ने अद्भुत साहस का परिचय दिया. अपनी जान की परवाह ना करते हुए बदमाशों के मंसूबों को नाकाम कर शौर्य की मिसाल पेश की. वसुंधरा चौहान के बहादुरी के चर्चे पूरे राजस्थान में रहे.
ऐसे में समाज के लिए एक बड़ी प्रेरणा स्त्रोत बनी वसुंधरा चौहान के शौर्य को राजस्थान सरकार ने सम्मानित किया है. उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजस्थान सरकार ने पुलिस सब इंस्पेक्टर के पद पर सीधी नियुक्ति देने की घोषणा की. वसुन्धरा NCC में सी सर्टिफिकेट धारक हैं एवं क्रिमिनोलॉजी विषय की छात्रा रही हैं.