नकल के लिए ब्लू टूथ लगी चप्पल रीट अभ्यर्थियों को 6 लाख में बेची, तीन पकड़े गए


बीकानेर. रीट परीक्षा के दौरान नकल के कई तरीके एक के बाद एक सामने आ रहे हैं. इसके बाद पिछले कुछ सालों  में हुई परीक्षाओं पर भी लोग सवाल उठाने लगे हैं. ऐसा लग रहा है मानों ऐसी कोई परीक्षा राजस्थान में नहीं हुई हो जिसमें नकल कराने वाले गिरोह सक्रिय ना रहे हों. ऐसा ही एक ताजा मामला रीट परीक्षा के दौरान बीकानेर में सामने आया जहां राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (REET) में नकल का हाईटेक मामला पकड़ा गया. बीकानेर में REET अभ्यर्थियों को ब्लूटूथ डिवाइस लगी चप्पल देकर नकल कराने वाली एक गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया.  इस मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है.

बीकानेर के गंगाशहर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी चप्पल में डिवाइस लगाकर अभ्यर्थियों को नकल कराने में जुटे थे. शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपियों ने डिवाइस लगी चप्पल करीब 6 लाख रुपए में अभ्यर्थियों को बेची थी. पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा ने बताया कि तीन युवकों ओम प्रकाश, मदन व त्रिलोक को गिरफ्तार किया है. इनसे कई महत्वपूर्ण सामान भी मिले हैं, जो नकल में काम आते हैं.

चुरू निवासी तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही है. पता लगाया जा रहा है कि इन्होंने किस-किस स्टूडेंट्स को चप्पल देकर परीक्षा केंद्रों पर भेजा. मामले में एक अन्य आरोपी तुलसीराम कलेरा को नामजद किया गया है. जो पहले भी नकल के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है. कलेरा बीकानेर में कोचिंग संस्थान चलाता था.