जयपुर। राजस्थान एसीबी की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए भरतपुर में जिला परिवहन अधिकारी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी एवं दलाल 37 हजार 200 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर दौसा इकाई द्वारा आज भरतपुर में कार्यवाही करते हुये दिलीप तिवारी (जिला परिवहन अधिकारी, कार्यालय प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, जिला भरतपुर), अनिल कुमार शर्मा (सहायक प्रशासनिक अधिकारी, कार्यालय प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, जिला भरतपुर) एवं उनके दलाल कपिल शर्मा (प्राईवेट व्यक्ति) को परिवादी से 37 हजार 200 रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की दौसा टीम को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी फर्म द्वारा करवाये जा रहे नये वाहनों के रजिस्ट्रेशन कार्य की एवज में दिलीप तिवारी जिला परिवहन अधिकारी, कार्यालय प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, जिला भरतपुर एवं अनिल कुमार शर्मा सहायक प्रशासनिक अधिकारी, कार्यालय प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, जिला भरतपुर द्वारा उनके दलाल कपिल शर्मा (प्राईवेट व्यक्ति) के माध्यम से 37 हजार 200 रूपये रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर एसीबी, जयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस डाॅ. विष्णुकान्त के सुपरवीजन में एसीबी दौसा इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज पुलिस निरीक्षक नवल किशोर एवं उनकी टीम द्वारा भरतपुर में ट्रैप की कार्यवाही करते हुए दलाल कपिल शर्मा पुत्र सोमेन्द्र शर्मा निवासी पुराना बयाना बस स्टैण्ड, भरतपुर (प्राईवेट व्यक्ति) को परिवादी से 37 हजार 200 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। साथ में दोनों अधिकारी भी ट्रैप किये गए।
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री दिनेश एम.एन. के निर्देशन में आरोपी के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।