नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर में पकड़ा गया लश्कर का आतंकवादी स्थानीय बीजेपी आईटी सेल का इंचार्ज भी रह चुका है। जम्मू पुलिस ने लश्कर के एक बड़े आतंकी तालिब हुसैन शाह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आतंकी कभी जम्मू में बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चा का सोशल मीडिया प्रभारी भी था।
बता दें कि रविवार सुबह तालिब हुसैन शाह और उसके साथियों को रियासी इलाके में ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया. पुलिस को आतंकियों के पास से दो एके 47 राइफल, कई ग्रेनेड और कई अन्य हथियार व बड़ी संख्या में गोलियां मिली हैं.
उधर गिरफ्तार आतंकी का पहले कभी बीजेपी के साथ रहे संबंध पर भाजपा प्रवक्ता ने आरएस पठानिया ने कहा कि ऑनलाइन सदस्यता लेने का यही नुकसान होता है कि आप किसी का बैकग्राउंड जांचे बगैर ही पार्टी की सदस्यता दे बैठते हैं. इस आतंकी की गिरफ्तारी के बाद ये एक बड़ा मुद्दा बनकर सामने आया है. मैं तो कहूंगा ये एक नया मॉडल है, जिसके तहत कोई भी बीजेपी में शामिल होता है, पार्टी के अंदर अपनी पैठ बढ़ाता है और रेकी करता है. इस तरह से ही आतंकी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को मारने की साजिश रचते हैं. हालांकि, ये राहत की बात है कि पुलिस ने इन्हें किसी भी बड़ी घटना को अंजाम देने से पहले गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के मुताबिक पकड़े गए आतंकियों में से एक तालिब हुसैन भाजपा में भी घुसपैठ कर चुका है. वह जम्मू प्रांत में अल्पसंख्यक मोर्चे का आईटी और सोशल मीडिया सेल प्रभारी भी बनाया गया था. हालांकि, भाजपा की तरफ से कहा गया है कि वह केवल 18 दिनों के लिए पार्टी के साथ जुड़ा रहा. तालिब 9 मई को भाजपा में शामिल हुआ और 27 मई को इस्तीफा दे दिया था.