जयपुर। राजस्थान में कोरोना के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच राजस्थान सरकार ने कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों की परीक्षाएं नहीं कराने का फैसला लिया है। इन बच्चों को अगली कक्षा में 1 अप्रैल से प्रमोट किया जाएगा। वहीं, कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को नए सत्र के शुरूआती दिनों में बैक टू स्कूल कार्यक्रम के तहत उपचारात्मक शिक्षण कराया जाएगा। यानी नए सत्र में करीब डेढ़ महीने तक बच्चे पुरानी कक्षाओं की पढ़ाई करेंगे। इसके साथ ही एक महीने देरी से यानी एक मई से नई कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थियों को स्माईल-1, स्माईल-2 और आओ घर से सीखें कार्यक्रम के तहत किए गए आंकलन के आधार पर अगली कक्षा में प्रमोट किया जाएगा। इसके अलावा कक्षा 6 और 7 की परीक्षा 15-22 अप्रैल तक विद्यालय स्तर पर होंगी।