4 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए ‘राजस्थान जैविक खेती मिशन' पर 600 करोड़ रुपये खर्च होंगे


जयपुर। राजस्थान में किसान एक बड़ा वोट बैंक है। हाल ही के बजट में जहां राजस्थान सरकार ने अलग से कृषि बजट पेश किया था वहीं अब लगातार किसानों के हित में बड़े-बड़े फैसले लिए जा रहे हैं।

 

किसानों के लिए अलग से कृषि बजट पेश करने वाले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार ने कृषक हितों को सर्वाेपरि रखते हुए एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया है।

‘‘समृृद्ध किसान - खुशहाल राजस्थान‘‘ की सोच के साथ मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना की राशि को 2 हजार करोड़ रुपये से बढाकर 5 हजार करोड़ रुपये करने की घोषणा के साथ इस योजना में 11 मिशन शुरू किये गये हैं। इसमें ‘‘राजस्थान जैविक खेती मिशन‘‘ भी एक है। कृषि विभाग के आयुक्त श्री काना राम ने बताया कि मिशन के अन्तर्गत 600 करोड़ रुपये के प्रावधान प्रस्तावित है जिनसे लगभग 4 लाख किसान लाभान्वित होंगे।

कृषकों को जैविक बीज, जैव उर्वरक एवं कीटनाशी उपलब्ध करवाते हुए जैविक खेती में वृृद्धि की जावेगी। उन्होंने बताया कि जैविक खेती का पूरा लाभ कृषकों को दिलवाने के लिए उनके जैविक उत्पादनों को मान्यता प्राप्त संस्थान से प्रमाणित करने का भी प्रबन्ध किया गया है। इसके लिए ‘‘ऑरगैनिक कमोडिटी बोर्ड‘‘ का गठन किया जायेगा। मिलता है 1-1 लाख रूपये का पुरस्कार - कृषि आयुक्त श्री काना राम ने बताया कि जैविक खेती को बढावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा जैविक खेती में नवाचारों के साथ उत्कृृष्ट कार्य करने वाले तीन कृृषकों को प्रतिवर्ष राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित कर चयनित तीनों किसानों को 1-1 लाख रूपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है।