भारत ने दुनिया भर में मोटा अनाज के उत्पादन और खपत में वृद्धि करने की रणनीति तैयार करने के लिए मोटा अनाज के अग्रणी उत्पादक देशों की मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन की मेजबानी की


नई दिल्ली में आयोजित वैश्विक मोटा अनाज (श्री अन्न) सम्मेलन के उद्घाटन सत्र के बाद मोटे अनाजों की मंत्रिस्तरीय गोलमेज बैठक आयोजित की गई। बैठक में गयाना, मॉरीशस, श्रीलंका, सूडान, सूरीनाम और जाम्बिया के मंत्रियों और गाम्बिया तथा मालदीव के कृषि सचिव और नाइजीरिया में मोटा अनाज पहल के महानिदेशक ने भाग लिया। भारत सरकार के केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बैठक में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों का स्वागत किया। भारत आज 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष (आईवाईएम) के रूप में मनाने के लिए दिल्ली में वैश्विक मोटा अनाज (श्री अन्न) सम्मेलन के रूप में पहला वैश्विक समारोह आयोजित कर रहा है। भारत की पहल पर 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष के रूप में घोषित करने का संयुक्त राष्ट्र का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा और पोषण के लिए श्री अन्न (मोटा अनाज) के बारे में जागरूकता बढ़ाना, मोटा अनाज के क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास और विस्तार के लिए निवेश बढ़ाना और उत्पादन, उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार के लिए हितधारकों को प्रेरित करना है। मोटा अनाज के प्रमुख उत्पादक देशों को विश्व खाद्य और पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मोटा अनाज के उत्पादन को प्रोत्साहन देने में प्रमुख भूमिका निभानी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इससे पहले दिन में केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा केंद्रीय मंत्री श्री पीयूष गोयल और श्री मनसुख मंडाविया और केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री कैलाश चौधरी की उपस्थिति में इस वैश्विक कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अन्य देशों के अतिथि मंत्रियों ने उद्घाटन समारोह में शामिल होकर इसकी की शोभा बढ़ाई और अपने देशों के लिए संदेश दिए। उद्घाटन समारोह के दौरान, प्रधानमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष 2023 पर एक स्मारक टिकट और सिक्के का अनावरण किया। उन्होंने डिजिटल रूप से मोटा अनाज (श्री अन्न) के मानकों के बारे में एक पुस्तक का भी अनावरण किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-आईसीएआर-भारतीय मोटा अनाज अनुसंधान संस्थान-आईआईएमआर को वैश्विक उत्कृष्टता केंद्र भी घोषित किया।