प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले राजस्थान के विद्यार्थियों के लिए बड़ा निर्णय, दिल्ली में 330 करोड़ रूपए की लागत से बनेगा ‘नेहरू यूथ ट्रांजिट हॉस्टल एंड फैसिलिटेशन सेंटर‘


जयपुर। राजस्थान सरकार ने दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले राजस्थान के अल्प आय वर्ग के विद्यार्थियों को राहत प्रदान करने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। दिल्ली स्थित उदयपुर हाउस में 330 करोड़ रूपए की लागत से ‘नेहरू यूथ ट्रांजिट हॉस्टल एंड फैसिलिटेशन सेंटर‘ के निर्माण और संचालन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

हॉस्टल बनने से दिल्ली में रहकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और करिअर काउंसलिंग लेकर भविष्य संवारने वाले राजस्थान के अल्प आय वर्ग के 500 विद्यार्थियों को ठहरने की सुविधा उपलब्ध होगी। यह हॉस्टल 250 कमरों का होगा। निर्णय से विद्यार्थियों को महंगे किराये से राहत मिलेगी। किराये में हुई बचत से विद्यार्थी किताबों और अन्य आवश्यक सामग्री खरीद सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश के युवाओं के बेहतर भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से राज्य बजट 2022-23 में दिल्ली में नेहरू यूथ ट्रांजिट हॉस्टल एंड फैसिलिटेशन सेंटर खोलने की घोषणा की थी।

उधर राजस्थान सरकार के इस फैसले की युवाओं ने तारीफ की है। उनका मानना है कि अब उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान आवास और ठिकाने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और आर्थिक रूप से उन पर भार भी नहीं पड़ेगा। वह निश्चिंत होकर अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं। विभिन्न संगठनों ने मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्वागत किया है।