महाराष्ट्र व केरल से राजस्थान आने वाले लोगों के लिए कोरोना आरटीपीसीआर टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट साथ में लाना अनिवार्य


जयपुर। कोरोना संक्रमण के फिर से बढ़ते खतरे को देखते हुए राजस्थान सरकार सख्त हो गई है। राजस्थान सरकार ने एक बार फिर सख्त कदम उठाते हुए एक बड़ा फैसला किया है। इसके तहत महाराष्ट्र व केरल से राजस्थान आने वाले लोगों के लिए कोरोना आरटीपीसीआर टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट साथ में लाना अनिवार्य कर दिया है। साथ ही मार्च के फर्स्ट वीक से पुनः अवेयरनेस कैम्पेन चलाने का निर्णय भी लिया गया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से इस संबंध में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक की गई और बैठक में यह निर्णय लिया गया। साथ ही यह भी फैसला हुआ कि सभी कोविड प्रोटोकॉल की सख्ती से पालना करें और किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, यह भी सुनिश्चित हो। बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कोविड वैक्सीन को लेकर कोई डर की बात नहीं है, जिन लोगों का नंबर आ रहा है वे वैक्सीन लगवाएं और डरें नहीं।