दिल्ली। कोरोना संक्रमण पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा बयान आया है। मंत्रालय ने कहा कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को टाला नहीं जा सकता। और तीसरी लहर कब आएगी यह भी नहीं पता। ऐसे में साफ हो जाता है कि अब जनता को कोरोना गाइडलाइंस के नियमों की सख्ती से पालना करना जरूरी है। कोरोना की तीसरी लहर की पूरी संभावना बनी हुई है और इसे टाला जा सके ऐसी कोई संभावना भी नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार के. विजयराघवन ने कहा है कि कोरोना की तीसरी लहर भी आ सकती है. उनका कहना है कि जिस तरीके से अभी वायरस का प्रसार हुआ है उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि तीसरी लहर जरूर आएगी. उसके लिए हमें अभी से तैयारी रखनी होगी.


डॉ. के विजय राघवन ने ब्रीफिंग के दौरान कहा कि नए स्ट्रेन का मुकाबला करने के लिए वैक्सीन को अपडेट करने की जरूरत होगी, इसके साथ ही टीकाकरण कार्यक्रम को गति भी देनी होगी. भारत में कोरोना संक्रमण के चलते अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ती जा रही और बड़ी संख्या में लोगों को इसके कारण जान गंवानी पड़ी है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि पिछले 24 घंटों में देश में 3,82,315 मामले दर्ज़ किए गए हैं। 12 राज्य ऐसे हैं जहां 1 लाख से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। 50,000 से 1,00,000 सक्रिय मामले 7 राज्यों में हैं और 50,000 से कम सक्रिय मामले 17 राज्यों में हैं।
अग्रवाल के मुताबिक देश में 24 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां 15% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है। 5-15% पॉजिटिविटी रेट 10 में है। 5% से कम पॉजिटिविटी रेट 3 में है।