अगर थर्ड वर्ल्ड वॉर होता है तो इसके नतीजे बेहद खौफनाक होंगे और इसमें एटमी हथियारों का इस्तेमाल भी खुलकर होगा: रूस के विदेश मंत्री


यूक्रेन/रूस। रूस और यूक्रेन के बीच की जंग और थर्ड वर्ल्ड वार की ओर आगे बढ़ चुकी है। लाख कोशिशों के बावजूद रूस सख्त रुख अख्तियार किए हुए है। दुनिया भर की अपीलों को दरकिनार कर रूस लगातार इस दिशा में आगे बढ़ रहा है।

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बुधवार को तीसरे विश्व युद्ध की धमकी तक दे डाली और कहा अगर थर्ड वर्ल्ड वॉर होता है तो इसके नतीजे बेहद खौफनाक होंगे और इसमें एटमी हथियारों का इस्तेमाल भी खुलकर होगा। उन्होंने कहा कि हमने पहले ही साफ कर दिया है कि यूक्रेन को न्यूक्लियर वेपंस हासिल नहीं करने देंगे। जो जंग चल रही है, उसके जिम्मेदार अमेरिका और पश्चिमी देश हैं। उन्होंने रूस से किए गए वादे पूरे नहीं किए। यूक्रेन शुरू से अमेरिका के इशारों पर नाच रहा है। उधर भारत लगाता रूस और यूक्रेन के हालातों और यहां के बड़े नेताओं के बयानों पर नजर रखे हुए हैं। दूसरी तरफ भारत ने तुरंत अपने देश के नागरिकों को यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी है।