जयपुर के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर! 17 महीने बाद 0 कोरोना केस मिले


जयपुर। एक ओर जहां पूरे देश में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा मंडरा रहा है वहीं जयपुर के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर यह है कि 17 महीने बाद में यहां पर कोरोना का एक भी केस नहीं मिला है। इसके अलावा राज्य में जब से कोरोना संक्रमण ने दस्तक दी है तब से अब तक अगस्त पहला ऐसा महीना रहा जब इससे एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। राजधानी जयपुर में आज एक भी जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव केस सामने नहीं आया। ऐसा पिछले 17 महीने में पहली बार हुआ है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पूरे राज्य में आज केवल 2 ही केस मिले, जो अब तक एक दिन में मिले केसों में सबसे कम है। इससे पहले 26 अगस्त को राज्य में सबसे कम 3 केस आए थे। बीकानेर और जोधपुर के अलावा किसी भी जिले में एक भी केस नहीं मिला, जबकि बीते 24 घंटे के दौरान पूरे राज्य से 13,553 सैंपल की जांच की गई। जयपुर में 2940 सैंपल की जांच में सब नेगेटिव मिले।