सीधी.मध्यप्रदेश के सीधी में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। करीब 54 यात्रियों से भरी बस बाणसागर नहर में गिर गई। अब तक 42 शव मिल चुके हैं। 6 लोग बचा लिए गए। ड्राइवर खुद तैरकर बाहर आ गया। उसे हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या 45 से ज्यादा होने की आशंका जताई है। कुछ शवों के बह जाने की बात भी सामने आई है। बस सीधी से सतना जा रही थी। हादसा रामपुर के नैकिन इलाके में सुबह करीब 7.30 बजे हुआ। हादसे के चार घंटे बाद 11.45 बजे क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाला गया। नहर की गहराई 20 से 22 फीट बताई जा रही है। जिस वक्त हादसा हुआ, तब बहाव तेज था, लिहाजा यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। मृतकों में 12 छात्र भी थे। SDRF और गोताखोरों की टीम रेस्क्यू में जुटी SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है। बस को क्रेन से बाहर निकाला जा रहा है। गोताखोर भी वहां मौजूद हैं। नहर में पानी का बहाव तेज होने की वजह से रेस्क्यू टीम जलस्तर कम होने का इंतजार कर रही थी। आशंका है कि तेज बहाव के चलते लोग घटना स्थल से काफी दूर बह गए होंगे। ऐहतियातन बाणसागर डैम से नहर का पानी रोक दिया गया है। नहर का जलस्तर कम करने के लिए इसके पानी को सिहावल नहर में भेजा जा रहा है। मुआवजे का किया गया ऐलान, अमित शाह भी एक्टिव इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिजनों के लिए पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने की बात कही है। साथ ही दो मंत्रियों को घटना स्थल पर भेजा गया है, ताकि जल्द से जल्द बचाव कार्य किया जा सके। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस मामले में शिवराज सिंह चौहान से बात की है और जल्द से जल्द बचाव कार्य कराने को लेकर चर्चा की है। अमित शाह ने कहा कि स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव के लिए हर संभव मदद पहुंचा रहा है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।