जज पर बच्चे से कुकर्म का आरोप, ACB का एक अधिकारी भी विवादों में, दोनों किये गए सस्पेंड, FIR दर्ज


जयपुर। भरतपुर के मथुरा थाने में आज एक महिला ने एक न्यायाधीश और उनके दो कार्मिकों के खिलाफ अपने आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे (14) के साथ यौन शोषण करने का मामला दर्ज कराया है। इधर जोधपुर हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार ने उक्त मामला दर्ज होने के बाद और शिकायत पर विशिष्ट न्यायाधीश को निलंबित कर दिया है।

उधर बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष संगीता बेनीवाल ने इस पूरे मामले को गंभीर बताया है। ज़िला कलक्टर व SP को इस मामले में बच्चे को और उसके परिवार को संरक्षण देने के निर्देश दिए। जज पर इस पूरे मामले में पीड़ित बच्चे की मां और उसके परिवार को धमकाने और फंसाने का भी आरोप लगा है।

इतना ही नहीं ACB के एक अधिकारी का नाम भी परिवार पर दबाव बनाने के मामले में सामने आया है। जिसके बाद एसीबी के इस अधिकारी को भी पद से हटा दिया गया है। मामले का प्रकरण पुलिस मुख्यालय पहुंचा, सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा वीडियो भी तेजी से हो रहा वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष व न्यायाधीश की तरफ से मथुरा गेट थाने में हुआ मामला दर्ज किया गया है।

 

टेनिस कोर्ट से पड़ा पीछे


पीड़ित बच्चे की मां ने बताया कि उसका 14 साल का बच्चा शहर के कंपनी बाग स्थित डिस्ट्रिक्ट क्लब में टेनिस खेलने जाता है। क्लब में भरतपुर के कई अधिकारी और भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट के विशेष न्यायाधीश जितेंद्र गुलिया भी आते थे। उन्होंने पहले बच्चे से जान-पहचान बढ़ाई और फिर उसे अपने घर ले जाने लगे। एक दिन जितेंद्र गुलिया ने बच्चे को अपने घर ले जाकर उसकी कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया। जब बच्चा बेहोश हो गया तो उन्होंने उसके साथ कुकर्म किया। इतना ही नहीं मजिस्ट्रेट ने बच्चे के साथ अश्लील वीडियो भी बना लिया। जब बच्चे को होश आया तो उन्होंने उसका अश्लील वीडियो दोस्तों को दिखाकर बदनाम करने की धमकी दी। साथ ही कहा कि तेरे बड़े भाई को जेल भिजवा दूंगा और तेरी मां के साथ भी गलत काम करूंगा। महिला ने बताया कि उनका बच्चा पिछले डेढ़ महीने से गुमसुम सा रहने लगा था। जज जितेंद्र गुलिया 28 अक्टूबर को बच्चे को छोड़ने के लिए उसके घर पहुंचे। घर की बालकनी में बच्चे की मां खड़ी थीं। घर पहुंचने के बाद मजिस्ट्रेट ने बच्चे को किस किया और उसे घर के बाहर छोड़कर चले गए। यह सब बच्चे की मां ने देख लिया, जिस पर मां ने बच्चे से सख्ती से पूछताछ की। तब बच्चे ने अपनी मां से कहा कि ये बहुत खतरनाक लोग हैं। यह कभी भी भैया को जेल भिजवा सकते हैं। हम सभी को मरवा सकते हैं। पुलिस इनके इशारे पर काम करती है। इतना कहकर बच्चा रोने लगा। बच्चे ने बताया कि मजिस्ट्रेट के साथ रहने वाले दो लोग अंशुल सोनी और राहुल कटारा ने भी उसके साथ कुकर्म किया है। बहरहाल इस घटना को लेकर सरकार ने रिपोर्ट मांगी है।