जयपुर में व्यापारी को 1 करोड़ की रंगदारी के लिए गैंगेस्टर से धमकी दिलवाने वाला उसका जानकर आनंद शांडिल्य गिरफ्तार


जयपुर. एक व्यापारी को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और संपत नेहरा से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी देने के लिए धमकी भरा फोन करवाने वाला कोई और नहीं बल्कि व्यापारी का जानकार हार्डकोर बदमाश आनंद शांडिल्य निकला। जवाहर नगर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आनंद शांडिल्य को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की गिरफ्त में आया हार्डकोर बदमाश आनंद शांडिल्य कुख्यात गैंगस्टर आनंदपाल गैंग (Gangster Anandpal Gang) का सक्रिय सदस्य भी रहा है। और जयपुर के एक बड़े राजनेता के अलावा कई राजनेताओं से भी इसके सबंध रहे हैं। कई बड़े पैसे वालों में उनकी बैठक रही है।

पड़ताल में यह बात सामने आई है कि आनंद शांडिल्य अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद था। उसी दौरान वह आनंदपाल गैंग के गुर्गे सुभाष बराल और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के संपर्क में आया। जिस व्यापारी को 1 करोड़ रुपए की रंगदारी देने के लिए व्हाट्सएप कॉल कर धमकी दी गई। वह पीड़ित व्यापारी आनंद शांडिल्य का जानकार है।

 

गौर करने वाली बात यह है कि अच्छा परिचित होने के बावजूद गिरफ्तार आनंद शांडिल्य ने पीड़ित व्यापारी की जानकारी आनंदपाल के गुर्गे सुभाष बराल के माध्यम से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और संपत नेहरा तक पहुंचाई। उसके बाद लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर संपत नेहरा ने व्हाट्सएप कॉल कर जवाहर नगर के व्यापारी से 1 करोड़ की रंगदारी देने और रंगदारी नहीं देने पर उसे शूटर से मरवाने की धमकी दे डाली। इसके बाद पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर दिल्ली की मंडोली जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे संपत नेहरा को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर जयपुर लाई। संपत से हुई पूछताछ के आधार पर तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर जयपुर लाया गया तो दोनों बदमाशों ने हार्डकोर बदमाश आनंद शांडिल्य का नाम बताया।

 

बता दें कि 5 साल पहले एसओजी ने आनंद शांडिल्य को साल 2016 में विद्याधर नगर में हुए हिम्मत सिंह हत्याकांड में गिरफ्तार किया था। इससे पहले भी आनंद शांडिल्य हनी ट्रैप के प्रकरण में राजधानी के नामचीन लोगों को ब्लैकमेल कर करोड़ों रुपए वसूलने के प्रकरण में गिरफ्तार हो चुका है। वहीं अशोक नगर थाना इलाके में राज परिवार की जमीन पर अवैध कब्जा करने के प्रयास में भी पुलिस ने आनंद शांडिल्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।