अहमदाबाद/मुम्बई। देश में MD ड्रग्स के फैलते नशे के कारोबार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गुजरात में मुंबई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1026 करोड़ की 513 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है।
मुंबई एंटी नारकोटिक्स सेल की वर्ली यूनिट ने गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर इलाके में लगभग 513 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1,026 करोड़ रुपए है। ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़के दौरान मुंबई वर्ली यूनिट ने मामले में एक महिला समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। वहीं इनमें से 5 लोगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और दो आरोपी एंटी नार्कोटिक्स सेल की हिरासत में हैं।
इससे पहले जून माह में गुजरात के समुद्री इलाके में करोड़ों रुपये के ड्रग्स की बरामदगी की गई थी। इस कार्रवाई में गुजरात एटीएस और भारतीय तटरक्षक बल ने पाकिस्तानी नाव के साथ सात पाकिस्तानियों को किया था।
वहीं गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर सितंबर 2021 में 3,000 किलो ड्रग्स की खेप पकड़ी गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 21,000 करोड़ बताई गई थी। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने अफगानिस्तान से आयात की गई दो कंटेनर से 3,000 किलो हेरोइन बरामद की थी। मामले में चेन्नई से दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।